छत्तीसगढ़ में एनएएचएम कर्मचारियों की हड़ताल ग्यारहवें दिन भी जारी, स्वास्थ्य सेवाएँ ठप्प

छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ की हड़ताल गुरुवार को ग्यारहवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराकर ध्वस्त हो गई है। जिला अस्पताल, सीएमएएमस चिकित्सालय, सभी पीएचसी, सीएचसी, हेल्थ सब सेंटर और मानसिक चिकित्सालय में नियमित सेवाएँ ठप्प पड़ी हैं। गुरुवार को हड़ताली संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर अपनी एकता का प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मैदान रायपुर में मंत्रियों द्वारा किए गए वादों का वीडियो चलाया और उनके मुखौटे पहनकर विरोध जताया। संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने बताया कि शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री अरुण साव के शासकीय आवास का घेराव किया जाएगा। इस दौरान एलईडी स्क्रीन पर अरुण साव का भाषण आम जनता को दिखाया जाएगा। इसके बाद क्रमश: केंद्रीय मंत्रियों के निवास का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक नियमितीकरण की मांग पूरी नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

हड़ताल के चलते जिले में स्वास्थ्य सेवाएँ लगभग पूरी तरह बाधित हो गई हैं। जिला चिकित्सालय, सीएमएएमस, 3 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ उप स्वास्थ्य केंद्रों पर कामकाज ठप्प है। संविदा चिकित्सक, नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, काउंसलर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, अकाउंटेंट, मानसिक चिकित्सालय के चिकित्सक एवं कर्मचारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम समेत सभी विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
इसके चलते मलेरिया, टीबी, टीकाकरण, महामारी जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग, जन्म, ओपीडी और आपातकालीन सेवाएँ भी बाधित हो रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केंद्र) पूरी तरह बंद पड़े हैं। बरसात के मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार और उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण लोगों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष राजकुमार यादव, उपाध्यक्ष जीवन महन्त, सचिव प्रमोद पटेल सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कर रहे हैं। वहीं महिला विंग से अध्यक्ष अजीता पाण्डेय, उपाध्यक्ष डॉ. सिन्ड्रेला पाल और अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से आंदोलन में शामिल हैं।

One thought on “छत्तीसगढ़ में एनएएचएम कर्मचारियों की हड़ताल ग्यारहवें दिन भी जारी, स्वास्थ्य सेवाएँ ठप्प

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *